सरेआम सड़क पर तृणमूल कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या

63

दक्षिण 24 परगना : पंचायत चुनाव के बाद भी राज्य में हत्याओं का सिलसिला लगातार जारी है। दक्षिण 24 परगना के बिष्णुपुर थाना क्षेत्र में एक तृणमूल कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। आरोप है कि प्रलय मंडल नाम के तृणमूल कार्यकर्ता की शुक्रवार रात करीब से गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं इस घटना में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि मृतक प्रलय पेशे से प्रोमोटर था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रलय शुक्रवार रात करीब 10 बजे दक्षिण बागी इलाके से बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उस पर गोली चला दी और प्रलय मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने आस-पास के लोगों की मदद से उन्हें अमतला अस्पताल ले गये जहां डॉक्टरों ने प्रलय को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। हालांकि हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में पंचायत चुनाव की तारीख और समय की घोषणा 8 जून को की गई थी। वहीं तब से कई जिलों में जनहानि, रक्तपात, झड़प, बमबाजी की घटनाएं हुई हैं। 8 जुलाई को मतदान के दिन भी जिले में रणक्षेत्र की स्थिति निर्मित की गई। 11 जुलाई को मतगणना के दिन भी हिंसा जारी रही और तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। वहीं इलाके में धारा 144 लगाया गया। इसी बीच शुक्रवार रात कैनिंग के सतमुखी के गाजीपाड़ा में एक तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या का आरोप आईएसएफ पर लगा है। हालांकि आईएसएफ ने इन आरोपों से इनकार कर किया है। दक्षिण 24 परगना के बिष्णुपुर में शुक्रवार को एक और तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या का आरोप लगा।