आर्थिक तंगी से परेशान डॉक्टर ने पत्नी के साथ इंजेक्शन लगाकर की आत्महत्या

168

उत्तराखंड : उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां बीमारी और आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक दंपति ने इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार काशीपुर की सैनिक कॉलोनी में रहने वाले डॉ. इंद्रेश शर्मा एक प्राइवेट अस्पताल में इमरजेंसी डॉक्टर थे। उनकी पत्नी वर्षा शर्मा हाउस वाइफ थी। पिछले 12 सालों से पत्नी वर्षा काफी बीमार चल रही थी। काफी लंबे समय से वर्षा कैंसर की बीमारी से जुझ रही थी।

बताया जा रहा है कि पत्नी का इलाज कराते – कराते डॉ. इंद्रेश शर्मा को भी कई गंभीर बीमारियां हो गई थी। पत्नी और खुदका इलाज, घर और बच्चे की पढ़ाई इन सभी खर्चों के बोझ ने इंद्रेश को मानसिक और आर्थिक रूप से तबाह कर दिया था। उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। इसी वजह से दंपति ने आत्महत्या का फैसला लिया और मंगलवार रात खुद को इंजेक्शन लगा आत्महत्या कर ली। वहीं अगले दिन सुबह पड़ोसियों ने दोनों को कमरे में मृत पाया। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

उल्लेखनीय है कि दंपति के दो बच्चे हैं। बेटी की शादीशुदा है। उनका बेटा ईशान अभी छोटा है। माता-पिता की मौत के बाद ईशान की हालत बुरी हो गई है। उसने सोचा भी नहीं था कि जिस पिता के साथ वह रात में लूडो खेल रहा था उनकी मौत हो जायेगी। ईशान ने बताया कि कोरोना में आर्थिक स्थिति ज्यादा बिगड़ गई। इस दौरान उसकी पढ़ाई भी बंद हो गई। उसने बताया कि इंद्रेश अपने बेटे को भी इंजेक्शन लगाने वाले थे लेकिन उनका इरादा बदल गया और उन्होंने खुद को और पत्नी को इंजेक्शन लगा लिया। वहीं दूसरी तरफ पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें लिखा है कि हमारी मौत के लिए किसी को परेशान ना किया जाए। घटनास्थल से नशीले इंजेक्शन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।