4 आदिवासी महिलाओं से दंडवत करवाने के मामले में दो गिरफ्तार

भाजपा ने कहा मुख्य आरोपी अभी भी बाहर

74

दक्षिण दिनाजपुर: पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर में भाजपा में शामिल होने पर 4 आदिवासी महिलाओं से दंडवत करवाने के मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के नाम आनंद राय और विश्वनाथ दास है। इन लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की ओर से एक शिकायत दर्ज की गयी थी। आयोग ने इस मामले में राज्य पुलिस से रिपोर्ट की मांग की है।

उधर इस गिरफ्तारी के बाद से भाजपा खुश नहीं है। भाजपा ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी अभी भी बाहर खुले आम घूम रहे हैं। पुलिस को उनको भी गिरफ्तार करना चाहिए।

राज्य महिला आयोग ने भी इस इलाके का दौरा किया है और उन आदिवासी महिलाओं से बात की है। गुरुवार को दोनों आरोपियों को बालुरघाट जिला अदालत में पेश किया गया। न्यायाधीश ने उन्हें तीन दिनों के लिए जेल हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आनंद और विश्वनाथ पर मुख्य आरोपी को छुपाने का आरोप था।

गौरतलब है कि इस मामले के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राष्ट्रपति के अलावा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष को भी पत्र लिखा था। उन्होंने इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। बता दें कि राज्य में इसी साल पंचायत चुनाव है। लोकसभा चुनाव साल 2024 में है। उससे पहले बीजेपी राज्य में राजनीतिक हिंसा को तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ ‘हथियार’ बना चुकी है।