संदेशखालीकांड में और दो गिरफ्तार

शाहजहां खान ईडी और पुलिस की गिरफ्त से बाहर

57

कोलकाता, सूत्रकार : उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली इलाके में पांच जनवरी को ईडी अधिकारियों पर हमले के मामले में पुलिस ने और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब गिरफ्तार लोगों की संख्या चार हो गयी है। गत रविवार को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों के नाम अली हुसैन घरामी और संजय मंडल हैं। पुलिस ने मिनाखां के खरीबेरिया से अली हुसैन और नैजाट से संजय को गिरफ्तार किया। हालांकि घटना को हुए नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक टीएमसी नेता शाहजहां शेख पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

गौरतलब है कि पांच जनवरी को ईडी अधिकारी राशन ‘भ्रष्टाचार’ मामले में संदेशखाली स्थित तृणमूल नेता शाहजहां शेख के घर की तलाशी लेने गए थे। जब वे वहां गए तो उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।

ईडी अधिकारियों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में तीन अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। ईडी ने दावा किया कि शाहजहां के घर के सामने सैकड़ों लोग जमा हुए और उन पर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद नैजाट थाने में तीन प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।

घटना के बाद से शाहजहां का अभी तक पता नहीं चल पाया है। ईडी ने दावा किया कि घटना के दिन वह घर पर ही थे। जब ईडी अधिकारियों का विरोध किया जा रहा था तो शाहजहां पिछले दरवाजे से भाग गया।

संदेशखाली की घटना के बाद से ही राज्य में काफी भुचाल आया है। इस घटना के बाद राज्यपाल सीवी आनंद बोस और कलकत्ता हाईकोर्ट के जज अभिजीत गांगुली ने राज्य सरकार के खिलाफ कड़ी टिप्पणी की थी। इधर इस घटना के बाद ईडी के अधिकारी ने ईडी अधिकारियों पर हुए हमलों पर दो पन्नों की रिपोर्ट अपना मुख्यालय को भेज दिया था। इस रिपोर्ट में हर एक मिनट का जिक्र किया गया है।

इसी के साथ हमले का वीडियो और मीडिया रिपोर्ट भी भेजी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद गत सोमवार की रात को ईडी के एक्टिंग डायरेक्टर राहुल नवीन कोलकाता आए थे। उन्होंने दो महत्वपूर्ण बैठकें की थीं।

एक बैठक अपने अधिकारियों के साथ और दूसरी बैठक राज्यपाल के साथ की। इसके बाद गत शुक्रवार को एक बार दूसरे मामले में ईडी अपनी सक्रियता दिखाते हुए राज्य के दमकल मंत्री सुजीत बोध, विधायक तापस रॉय और नार्थ दमदम नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन सुबोध चक्रवर्ती के घर छापेमारी की।