मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, महिलाओं ने किया रोड ब्लॉक, मौके पर सेना और RAF मौजूद

महिलाओं के साथ हुई इस बर्बरता के मामले में ये पांचवी गिरफ्तारी है।

157

इंफाल।  करीब 2 महीने का वक्त हो चला है लेकिन मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। वहीं पिछले दिनों वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने शनिवार यानी 22 जुलाई को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। ज्ञात रहे कि महिलाओं के साथ हुई इस बर्बरता के मामले में ये पांचवी गिरफ्तारी है। इस बीच राजधानी इम्फाल से एक बार फिर से हिंसा की खबर सामने आई है। सुबह से ही वहां स्थिति नाजुक बनी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट की माने तो  इंफाल के गढ़ी इलाके में महिला प्रदर्शनकारियों ने मेन रोड को दोनों तरफ से ब्लॉक कर दिया। वहीं प्रदर्शनकारियों ने रोड पर टायर जलाकर प्रदर्शन किए और पुलिस को कार्रवाई करने से भी रोका।  सूचना मिलते ही मणिपुर की सशस्त्र पुलिस, सेना और त्वरित कार्य बल के जवान मौके पर पहुंच गए।

सुरक्षा बलों ने तुरंत एक्शन लेते हुए स्थिति को अपने नियंत्रण मेंकर लिया है। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस और सुरक्षाबलों ने विभिन्न इलाकों में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया है।

देश के पूर्वोत्तर में स्थित बीते 81 दिनों से जातीय हिंसा की आग में झुलस रहा है। गौरतलब है कि राज्य में 3 मई को एक रैली के बाद इंफाल घाटी के मैतेई और पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच हिंसा भड़क उठी थी। अब तक हिंसा के चलते 160 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। वही, 50 हजार से ज्यादा लोग अपने घरों से भागकर शरणार्थी शिविरों में रहने के लिए मजबूर हैं।

19 जुलाई को मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई बर्बरता का एक वीडियो वायरल हुआ तो देश में सनसनी मच गई। उस वीडियो में पुरुषों की भीड़ दो महिलाओं को बिना कपड़ों के घुमाती नजर आ रही थी। बता दें कि ऐसा दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो 4 मई का था, लेकिन दो महीने के बाद भी आरोपियों को पकड़ा नहीं गया था। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने 20 जुलाई को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था और आज एक गिरफ्तारी हुई है।