राजस्थान की सभी सीट हम जीतेंगेः अमित शाह

60

उदयपुर: आज केंद्रीय मंत्री अमित शाह राजस्थान में हैं। राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटों को जीतकर हैट्रिक बनाने का आह्वान करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे अब से लेकर मगणना तक एक ही लक्ष्य में जुट जाएं, अबकी बार- चार सौ पार, फिर एक बार-मोदी सरकार।

केन्द्रीय गृहमंत्री शाह उदयपुर में मंगलवार को दक्षिणी राजस्थान की तीन लोकसभा सीटों चित्तौड़, उदयपुर और बांसवाड़ा-डूंगरपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यकर्ताओं को भाजपा का मालिक बताते हुए गृहमंत्री शाह ने कहा कि भाजपा की विजय यात्रा के अर्जुन भी कार्यकर्ता हैं और कृष्ण भी। कार्यकर्ता घर-घर जाकर सभी को प्रणाम करें और उन्हें बताएं कि उनका एक-एक वोट भारत को विश्व गुरु बनाएगा।

https://x.com/AmitShah/status/1759894037270540341?s=20

अपने उद्बोधन में शाह ने मोदी सरकार की दस साल की उपलब्धियों व योजनाओं को गिनाने और कश्मीर से धारा 370 हटाने, अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनाने का जिक्र करते हुए कहा कि लोग ताने मारते थे कि ऐसा कभी नहीं हो पाएगा लेकिन भाजपा ने करके दिखाया। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन का बहिष्कार कर कांग्रेस ने फिर से वही किया जैसा पहले भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारते हुए शपथपत्र दिया था।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले उजागर हुए जबकि आज प्रधानमंत्री पर एक भी आरोप नहीं है। मोदी ने आर्थिक प्रगति के साथ भ्रष्टाचार पर भी प्रहार किया है। देश की अर्थव्यवस्था को 11वें से 5वें स्थान पर लाए और अब अगले 5 साल में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में तीसरे स्थान पर होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने आजादी के सौ साल पर वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प व्यक्त किया है और युवाओं को आह्वान किया है कि वे इस संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें।
शाह ने कांग्रेस के घमण्डिया गठबंधन को सात परिवारों का बंधन बताते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच विभाजनकारी है। कांग्रेस के नेता उत्तर भारत-दक्षिण भारत करने से नहीं चूकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत का विकास नहीं कर सकती, कांग्रेस गरीब का कल्याण नहीं कर सकती, कांग्रेस देश को सुरक्षित नहीं रख सकती, कांग्रेस भारत का उत्कर्ष और देश को गौरव प्रदान नहीं कर सकती।
उन्होंने राजस्थान की पूर्ववर्ती गहलोत सरकार पर भी महिला सुरक्षा को लेकर तंज कसते हुए कहा कि माताएं सुरक्षित नहीं थीं, मंदिर सुरक्षित नहीं थे, कौमी दंगे हो रहे थे, अपराधों पर नियंत्रण नहीं था। अब प्रदेश में भजनलाल सरकार है। डबल इंजन की सरकार में अब राजस्थान में माताओं-बहनों पर कोई आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं कर पाएगा।