रांची में मौसम का मिजाज बदला, बारिश ने गर्मी से लोगों को दी राहत

206

रांची, 22 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार सुबह से रिमझिम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम काफी सुहावना हो गया है। तापमान में भी कुछ डिग्री की गिरावट हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार बोकारो, रामगढ़ और रांची के कुछ भागों में अगले कुछ घंटों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। साथ ही इन जिलों में कुछ जगहों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अंदेशा है। मौसम के बदले मिजाज के देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की है। वज्रपात के समय में पेड़ के नीचे और बिजली के पोल से दूर रहने की सलाह लोगों को दी गई है। किसानों से फिलहाल खेतों में नहीं जाने का आग्रह किया गया है। इसके अलावा गढ़वा, लातेहार, पलामू, चतरा, धनबाद, गुमला, हजारीबाग, लोहरदगा, गिरिडीह, जामताड़ा, खूंटी और सिमडेगा जिला के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। यहां भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। साथ ही इन जिलों में कुछ जगहों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अंदेशा है। रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आंनद ने शनिवार को बताया कि 25 अप्रैल तक मौसम सुहाना रहेगा। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। 26 अप्रैल से मौसम साफ होगा। फिर से तापमान बढ़ेगा और गर्मी पड़ेगी।

 

ये भी पढ़ें : नगरपालिकाओं में भर्ती मामले में कई दिग्गज CBI और ED की रडार पर