झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, 12 अप्रैल तक इन इलाकों में बारिश के आसार

127

रांची : ओडिशा में बना टर्फ तमिलनाडु की ओर जा रहा है. इसके असर से राजधानी समेत पूरे झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है. इसका असर 12 अप्रैल तक रह सकता है। इधर, राजधानी रांची में रविवार रात 11 बजे बारिश शुरू हुई। इसके बाद देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. डालटनगंज के अधिकतम तापमान में भी पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है, जबकि रांची और जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में भी करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है. झारखंड मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक सतीशचंद्र मंडल ने बताया कि टर्फ का असर पूरे राज्य में होगा. 9 अप्रैल को पलामू में आंधी-बारिश हो सकती है. 10 से 12 अप्रैल तक राजधानी रांची और उसके आसपास के साथ-साथ कोल्हान प्रमंडल में बारिश हो सकती है. श्री मंडल ने कहा कि पिछले 24 घंटे में कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. दक्षिणी भाग में लू चल रही थी. शनिवार देर शाम से ही बादल छाए हुए थे. कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई. रविवार को टर्फ ओडिशा से उत्तरी तमिलनाडु की ओर जा रहा है. इसके प्रभाव से 12 अप्रैल तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। पांच दिनों तक बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और बारिश भी हो सकती है.

 

ये भी पढ़ें : कोडरमा में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही, भारी मात्रा में दवाइयां हुईं एक्सपायर