झारखंड में पछिया हवा ने बढ़ाई ठंड

अगले दो दिनों में गिरेगा रांची का तापमान

94

रांचीः झारखंड की राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। उत्तर पश्चिमी दिशा से बह रही ठंडी हवा ने मौसम का मिजाज बदल दिया है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि पूरे राज्य में पछिया हवा का असर दिखने लगा है। अगले दो से तीन दिनों तक तापमान के गिरने की संभावना है।

सुबह में कोहरा और धुंध और बाद में मौसम साफ रहने का संकेत दिया गया है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि पश्चिमी दिशा की हवा कनकनी बढ़ाएगी।

उन्होंने बताया कि अभी उत्तरी क्षेत्राें में बर्फबारी और ठंडी हवा के बहने का असर झारखंड में दिखने लगा है। बता दें कि सुबह में कोहरे के कारण और शाम के बाद ठंड का अहसास हो रहा है।

वहीं विभाग से मिली रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले एक माह के दरम्यान झारखंड में तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।

अगले दो-तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तक तापमान और गिरने का अनुमान है। रांची में 26 नवंबर तक न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट के संकेत दिए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि झारखंड में अगले पांच दिनों तक सुबह में कोहरा या धुंध छाया रहेगा। इसके बाद दिन में आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क रहेगा। पांच दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

राजधानी रांची में भी धीरे-धीरे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. अगले तीन दिन में तापमान 2 डिग्री तापमान के गिरने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 25 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 26 नवंबर को तापमान में कोई बदलाव नहीं आएगा।

लेकिन 27 नवंबर को राजधानी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

 

 

यह भी पढ़ें – सड़क पर पहुंचे जंगली हाथी, आवागमन बाधित