बिहार के सासाराम में भड़की हिंसा, लगी धारा 144

6 लोगों के घायल होने की आई है खबर

72

पटना : देश में 30 मार्च यानी गुरूवार को रामनवमी का त्यौहार मनाया गया है। देश के विभिन्न राज्यों में रामभक्तों ने शोभा यात्रा निकाली थी। शोभा यात्रा के दौरान कई राज्यों में झड़प की खबर भी आई है। पश्चिम बंगाल से लेकर महाराष्ट्र तक में हिंसा की घटनाएं हुई है। बिहार भी इससे अछूता नहीं रहा है। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में दो पक्षों के विवाद के बाद हिंसा की खबर आ रही है।

सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से पत्थरबाजी की गई। इसके बाद वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई है। बढ़ते-बढ़ते हिंसा ने इतना गंभीर रूप ले लिया की कई झोपड़ीनुमा दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया है। अभी भी सासाराम में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। यह पूरी घटना सासाराम के कादिरगंज, मुबारकगंज, चौखंडी, नवरत्न बाजार की बताई जा रही है। हिंसा में करीब 6 लोगों के घायल होने की भी खबर सामने आई है।

इसे भी पढ़े: जस्टिस टीएस शिवज्ञानम बने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश

इलाके में धारा 144 लागू
इलाके में बिगड़ती स्थिती को देखते हुए धारा 144 लागू कर दी गई है। हिंसा के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। इलाके में रह- रहे लोगों के अंदर पर्याप्त डर बैठ हुआ है। हालांकि प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की हिंसा ना हो उसके लिए भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती भी की गई है।


इस पूरे मामले पर बयान देते हुए राज्यसभा सासंद सुशील मोदी ने कहा है कि ‘राम नवमी के जुलूस को देखकर कुछ लोगों ने प्रतिक्रिया में कुछ धार्मिक स्थानों में तोड़फोड़ की। धार्मिक स्थानों पर जो तोड़फोड़ हुई उसकी प्रतिक्रिया में आज सासाराम में कई जगह हिंसा, आगजनी की घटना घटी। मैं लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं। पुलिस को मामले की जांच और तोड़फोड़ करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए’।