ममता के बाद अब डेरेक और सुदीप ने कांग्रेस पर बोला हमला

सीएम अकेले दम पर भाजपा को राज्य में हराने की ताकत रखती हैः सुदीप

64

कोलकाता, सूत्रकार : टीएमसी सुप्रीमो और प्रदेश की सीएम ममता बनर्जी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अगले लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी राज्य में अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी और किसी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। ममता बनर्जी के इस एलान से विपक्षी गठबंधन इंडिया को तगड़ा झटका लगा है। अब इसे लेकर जुबानी जंग भी शुरू हो गई है। टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने आरोप लगाया है कि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी की वजह से बंगाल में विपक्षी गठबंधन काम नहीं कर पाया।

टीएमसी सांसद ने दावा किया कि इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस यानी इंडिया के कई आलोचक हैं, लेकिन सिर्फ भाजपा और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी लगातार गठबंधन के खिलाफ बोल रहे थे। आम चुनाव में अगर कांग्रेस भाजपा को हरा देती है तो टीएमसी फ्रंट का हिस्सा जरूर होगी क्योंकि टीएमसी संविधान की खातिर लड़ाई लड़ रही है। बहरहाल ममता बनर्जी के अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद कांग्रेस पार्टी बैकफुट पर नजर आ रही है। यही वजह है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ममता बनर्जी के एलान के तुरंत बाद कहा कि ‘ममता बनर्जी के बिना विपक्षी गठबंधन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

सुदीप ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर जताई नाराजगी

तृणमूल कांग्रेस सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बारे में टीएमसी को सूचना नहीं दिए जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सीएम की शिकायत जायज है। आप बंगाल आते हैं तो गठबंधन की सबसे अहम सहयोगी पार्टी को इसकी सूचना भी नहीं देते। अच्छा होता अगर आप पहले ही इस बारे में उनसे (ममता बनर्जी) बात करते। न्याय यात्रा के लिए बंगाल को अहमियत क्यों नहीं दी गई? यह नहीं होना चाहिए था। सीएम अकेले दम पर भाजपा को राज्य में हराने की ताकत रखती हैं। बंदोपाध्याय ने कहा कि इंडिया अलायंस ममता बनर्जी के नाम पर बना था। इंडिया नाम भी ममता बनर्जी ने दिया था। वह चाहती थीं कि गठबंधन सफल हो और सभी पार्टियों का एक ही मकसद होना चाहिए और वो है ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’।