राज्यपाल गणेशन के जन्मदिन समारोह में हिस्सा ले सकती हैं CM ममता

2 नवंबर को चेन्नई जाएंगी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

कोलकाताः  जगदीप धनखड़ के बंगाल के राज्यपाल पद से हटने के बाद राजभवन के साथ ममता सरकार के संबंध में लगातार मिठास दिख रही है। इसी क्रम में बंगाल के कार्यवाहक राज्यपाल एल गणेशन काली पूजा के मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आमंत्रण पर सोमवार शाम में उनके कालीघाट स्थित आवास पर गए थे और उन्होंने पूजा में शिरकत की।

ममता वर्षों से अपने घर में काली पूजा का आयोजन करती आ रही हैं। सपत्नीक मुख्यमंत्री के घर पहुंचे राज्यपाल ममता का छोटा सा घर और साधारण जीवन-यापन देखकर आश्चर्य चकित रह गए थे।

वहीं, अब राज्यपाल के निमंत्रण पर ममता उनके जन्मदिन पर होने वाले समारोह में शिरकत करने आगामी 2 नवंबर को चेन्नई जाएंगी। राज्य सरकार के उच्च पदस्थ सूत्रों ने यह जानकारी दी। बताया गया कि तीन तारीख को राज्यपाल का 80वां जन्मदिन है।

इस अवसर पर चेन्नई में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है,  जिसमें शामिल होने के लिए राज्यपाल ने ममता को आमंत्रित किया है।  इस पर मुख्यमंत्री ने हामी भर दी है और उन्होंने राज्यपाल से कहा है कि यदि सब कुछ ठीक रहता है तो वह जरूर इसमें शिरकत करेंगी। ममता फिर तीन को वापस कोलकाता लौट आएंगी।

इधर,  इस कदम के बाद राजभवन और राज्य सरकार के बीच संबंधों में एक नई तस्वीर दिख रही है, जो धनखड़ के राज्यपाल रहते पिछले कुछ वर्षों में नहीं देखी गई थी। बता दें कि धनखड़ के राज्यपाल रहते ममता सरकार के साथ उनका लगातार टकराव देखने को मिला था।

#Chief Minister Mamata Banerjee#cm mamta banerjee#governor ganesan#governor ganesan birthday celebrations#mamata-banerjee will visit chennai#कार्यवाहक राज्यपाल एल गणेशन#ममता सरकार#मुख्यमंत्री ममता बनर्जीWEST BENGAL