कूचबिहार में बस और ट्रक में टक्कर, लगी आग

20 से अधिक यात्री हुए घायल

83

सिलीगुड़ीः पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी कूचबिहार स्टेट हाईवे पर एक लॉरी की सरकारी बस से आमने-सामने टक्कर हो गई और दोनों वाहनों में आग लग गई।

दोनों गाड़ियां धू-धूकर जलने लगी. रविवार को हुई इस घटना में कम से कम 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दुर्घटना के कारण स्टेट हाईवे का जमालदह थेलपुर जंक्शन क्षेत्र कुछ देर के लिए ठप हो गया। स्थानीय लोगों और  दमकल कर्मियों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार सरकारी बस सिताई से सिलीगुड़ी जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे कोयला लदे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक सरकारी बस और कोयले से लदी लॉरी के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। कई बस यात्री घायल हो गए।

इसे भी पढ़ेंः पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा का निधन

घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। अगर स्थानीय निवासियों ने यात्रियों को जल्द से जल्द नहीं निकाला होता तो, यह हादसा और भयानक रूप धारण कर लेता।

स्थानीय लोगों ने आग देखी और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद सभी ने आग पर काबू पाया। इस बारे में उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम के अध्यक्ष पार्थप्रतिम रॉय ने कहा कि  हमें जानकारी मिली है कि हमारी कंपनी की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।

दोनों वाहन काफी हद तक जल गए, लेकिन यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन कंपनी के अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।