झारखंड में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड

72

रांची :  झारखंड में सर्द हवाओं ने जाती ठंड को रोक लिया है। दिसंबर जैसी ठंड का एहसास फरवरी में हो रहा है। सर्द हवा चलने से राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान तीन से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गयी है।

आलम यह है कि सुबह की कनकनी ने लोगों का बिस्तर से उठना मुश्किल कर दिया है। ठंड का सबसे ज्यादा असर खूंटी में रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

राज्य के कई हिस्सों में भी ठंड बढ़ी है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है। जमशेदपुर का तापमान अधिकतम रहा। यहां का तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं।

रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में अगले दो से तीन दिनों में ठंड से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी माह में रांची का न्यूनतम तापमान पिछले आठ साल में 10 डिग्री से नीचे भी पहुंचा है। वर्ष 2014 में 18 फरवरी को 7.3 डिग्री, 2015 में एक फरवरी को 6.0 डिग्री, 2016 में पांच फरवरी को 9.4 डिग्री, 2018 में दो फरवरी को 9.0 डिग्री, 2019 में 11 फरवरी को 8.2 डिग्री, 2020 में 10 फरवरी को 6.5 डिग्री, 2021 में एक फरवरी को 6.3 डिग्री व वर्ष 2022 में सात फरवरी को 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

यह भी पढ़ें – आजसू पार्टी ने रामगढ़ विधानसभा सीट पर सुनीता चौधरी को बनाया उम्मीदवार