कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के निजी जीवन पर किया हमला

कई तरह के धमकी भरे कॉल आ रहे हैं : कौस्तव

118

कोलकाताः सागरदीघी उप चुनाव के परिणाम आने के बाद बंगाल के राजनीतिक गलियारों में हलचल मची हुई है। सभी राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर बयानबाजी शुरु कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस ने कस्बे की सीएम ममता बनर्जी के निजी जीवन पर हमला किया।

कांग्रेस नेता और पेशे से वकील कौस्तव बागची ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (विधान भवन) में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में सीएम पर जमकर हमला किया।

उन्होंने कहा कि गुरुवार को सीएम ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद अधीर रंजन चौधरी के निजी जीवनी पर टिप्पणी की थी। कांग्रेस इसकी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस अपना मुंह खोलती है तो मुख्यमंत्री कही की नहीं रह जाएंगी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस की ओर से विभिन्न माध्यमों से सीएम के जीवनी पर लिखी गयी किताब ‘केच्छा’ का प्रचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पुस्तक को सीएम के एक समय के सहयोगी और पूर्व विधायक दीपक घोष ने लिखा है।

इस किताब में ममता बनर्जी की भाभी झासी बनर्जी की आत्महत्या का जिक्र है। उन्होंने कहा कि आज सुबह से उनको कई तरह के धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। अगर मुझे या कांग्रेस के किसी भी व्यक्ति को किसी तरह का नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए पूरी तरह से मुख्यमंत्री और राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।

गौरतलब है कि गुरुवार को सागरदीघी उपचुनाव के बाद ममता बनर्जी कांग्रेस पर काफी नारजगी जताते हुए अधीर रंजन चौधरी पर हमलावर दिखी थीं। इस दौरान उन्होंने चौधरी के निजी जीवन पर भी कटाक्ष किया था। ऐसा माना जाता है कि सियासत में किसी के भी निजी जीवन को सार्वजनिक तौर पर उछालने से बचने की कोशिश की जाती रही है। लेकिन सूत्रों का मानना है कि आजकल सियासत ने दूसरा रूप ले लिया है जिसमें प्रतिपक्ष को दुश्मन की नजर से देखा जाने लगा है। जानकार सूत्रों ने कहा है कि इस तरह किसी के भी निजी जीवन पर छींटाकशी नहीं करनी चाहिए। ज्ञात रहे कि कथित तौर पर सीएम ने एक वितंडा के तहत ही अधिर रंजन की बेटी के बारे में कुछ टिप्पणी कर दी थी, जो फिलहाल इस दुनिया में नहीं है।