प. बंगाल के पूर्व मंत्री मानव मुखर्जी का निधन

कल मेडिकल कॉलेज में किया जायेगा देहदान

98

कोलकाताः पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ सीपीएम नेता मानव मुखर्जी का मंगलवार को निधन हो गया है। वह 67 वर्ष के थे। वह वाममोर्चा शासन के दौरान प्रदेश के सूचना और प्रौद्योगिकी मामलों के मंत्री थे। प्रदेश के पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य के शासनकाल में आईटी क्षेत्र के लिए मानव मुखर्जी ने काफी काम किया था।

सीपीएम सूत्रों के अनुसार पूर्व मंत्री लंबे समय से बीमार थे। मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल ले जाते समय सुबह करीब 11.45 बजे उनका निधन हो गया।

सीपीएम सूत्रों के अनुसार मानव मुखर्जी के पार्थिव शरीर को पीस वर्ल्ड में रखा गया है। जहां से बुधवार की सुबह 10 बजे पार्थिव शरीर को बेलियाघाटा पूर्व अंचल कार्यालय ले जाया जाएगा।

सुबह 11 बजे सीपीएम राज्य कार्यालय और उसके बाद 11:30 बजे जिला कार्यालय ले जाया जाएगा। उसके बाद दोपहर 12:30 बजे कलकत्ता मेडिकल कॉलेज में शोभायात्रा निकाली जाएगी और उसके बाद देहदान किया जाएगा।

इसे भी पढ़ेः ममता बनर्जी को आया गुस्सा, शीत वस्त्र नहीं मिलने पर भाषण छोड़कर मंच पर ही गईं बैठ

उल्लेखनीय है कि मानव मुखर्जी बिजनेस मैनेजमेंट के छात्र थे। वर्ष 1991 में उन्हें पहली बार बेलियाघाटा विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिला था। वह वर्ष 2011 तक बेलियाघाटा के विधायक थे। वे पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य के मंत्रिमंडल में दो बार मंत्री बने थे। वे पहली बार सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री बने थे। बाद में वे पर्यटन मंत्री बने थे।