धनबाद की जमीन में धधक रही आग, दहशत में जी रहे लोग

112

धनबाद: लोदना क्षेत्र के कुजामा प्रोजेक्ट में शनिवार की देर शाम लिलोरी पथरा बस्ती के समीप अचानक आग लग गयी। आग विनोद शर्मा, जीवन मंडल और मुन्ना पंडित के घरों के पास से निकल रही थी। आग निकलते देख कॉलोनी में हड़कंप मच गया। बस्ती में करीब 360 घर हैं। आग तीनों के घर से करीब 20 फीट की दूरी पर लगी हैं।

 

सूचना मिलते ही झरिया इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी महाप्रबंधक बीके सिन्हा, परियोजना अधिकारी अरुण कुमार पांडेय को दी। वहीं इस घटना के बाद लोगों का कहना है कि मुन्ना पंडित पूर्व में मकान छोड़कर कहीं और रहने चला गया है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने बताया कि यहां कुजामा आउटसोर्सिंग के ओबी डंपिंग का काम गड्ढे में किया जा रहा है। अग्नि स्थल पर ओबी डंप करने से अग्नि मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इससे आग ने धरती को चीरना शुरू कर दिया है।

 

गौरतलब है कि झारखंड के धनबाद में एशिया का सबसे बड़ा बंद खनन है। यहां दशकों से चल रहे खनन कार्य के बीच जमीन के अंदर आग लगी है।आग फैल रही है और इसे रोकने का कोई उपाय नहीं है। धनबाद के झरिया और आसपास के अन्य इलाकों में घरों, कुओं, तालाबों, सड़कों और खेतों के आंगनों से धुआं और आग की लपटें उठना आम बात हो गई है। हाल ही में खबर आई थी कि केंद्रीय कोयला मंत्रालय और बीसीसीएल मिलकर झरिया के कई गांवों को खाली कराएंगे और वहां के निवासियों को आश्रय देंगे।

 

इसे भी पढ़ें : पटेल संघ की हुई बैठक, सत्र 2023-2026 के लिए नई कमेटी गठित