बर्थडे पार्टी के दौरान युवती से सामूहिक दुष्कर्म, 4 गिरफ्तार

नशीला पदार्थ खिलाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया

134

कोलकाताः कोलकाता के उपनगरीय क्षेत्र राजारहाट स्थित वैदिक विलेज नामक रिसॉर्ट में बर्थडे पार्टी के दौरान एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

इस मामले में चार आरोपियों को शनिवार की सुबह गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक राजारहाट के उस रिसॉर्ट में बर्थडे पार्टी चल रही थी। आरोप है कि नशीला पदार्थ खिलाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की शारीरिक स्थिति नाजुक बनी हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसे भी पढ़ेंः नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या का प्रयासः दो आरोपियों को मृत्युदंड

शुक्रवार की रात सबसे पहले चारों युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को भी राजारहाट थाने में आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वास्तव में हुआ क्या था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वैदिक विलेज के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 10-15 लोगों का ग्रुप वैदिक विलेज में पार्टी करने गया था।

हालांकि, यह दावा किया गया है कि वैदिक विलेज प्रबंधन के पास उन लोगों बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस लिहाज से पुलिस रिसॉर्ट अधिकारियों की भूमिका भी खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस घटना में कोई और शामिल है या नहीं इसकी जांच की जा रही है।