भांगड़ में हिंसा और रक्तपात देख बिफरे राज्यपाल

कहा, हर हाल में रुकेगा हिंसा का शैतानी खेल

285

कोलकाता: राज्य में पंचायत चुनाव को लेकर भड़की हिंसा पर राज्यपाल सीवी आनंद बोस काफी सख्त नजर आए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। यह शैतान का खेल खत्म होना चाहिए। राज्य में हिंसा से बोस इतने हैरान हैं कि वह शुक्रवार (आज) को सभी कार्यक्रम निरस्त कर भांगड़ के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस बीच, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पंचायत चुनाव के दौरान पूरे बंगाल में केंद्रीय वाहिनी तैनाती का आदेश दिया है।

नामांकन के आखिरी दिन गवर्नर ने गुरुवार की रात भांगड़ और चोपड़ा की हिंसा को लेकर बेहद कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया पर अटैक किया गया है। यानी लोकतंत्र को प्रभावित करने का प्रयास हुआ है। शैतान का यह खेल खत्म होना चाहिए। यह पश्चिम बंगाल में अंत की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। लोकतंत्र में जनता ही मालिक होती है। उन्हें बगैर डरे मतदान करने का अधिकार है।

दरअसल, नामांकन के दौरान हिंसा से गवर्नर सीवी आनंद बोस बेहद नाराज हैं। बंगाल में विरोधी पार्टियों के नेताओं को नामांकन करने से रोका जा रहा है और उन पर हमले हो रहे हैं। यह भी ध्यान देने वाली बात है किबंगाल में एक कांग्रेस कार्यकर्ता, एक सीपीएम कार्यकर्ता की हत्या हो चुकी है और दोनों ही पार्टियों ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर ही हिंसा का आरोप लगाया है। राजभवन सूत्रों के अनुसार गवर्नर ने शुक्रवार को होने वाले अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए। राज्यपाल शुक्रवार की सुबह भांगड़ के हिंसा प्रभावित इलाके में पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

राज्यपाल ने आईएसएफ समर्थकों से की बात

राज्यपाल ने भांगड़ कॉलेज में आईएसएफ कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरन आईएसएफ समर्थकों ने आरोप लगाया कि उन्हें नामांकन पत्र जमा करने से रोका गया है। राज्यपाल ने उनकी सभी शिकायतें सुनीं।

पुलिस से की बात

राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भांगड़ के उन जगहों का दौरा किया, जिन जहगों पर हिंसी हुई थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी घटना के बारे में पूछताछ की।

स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की

भांगड़ पहुंचे राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की। उन्होंने स्थानीय लोगों से पंचायत चुनाव में नामांकन को लेकर मची अशांति के बारे में जानकारी ली। साथ ही गर्वनर ने लोगों से उनका हालचाल जाना।

विजयगंज बाजार में आधे घंटे तक रहे

राज्यपाल विजयगंज बाजार भी पहुंचे। गुरुवार को उस इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। राज्यपाल ने पूरे इलाके का दौरा किया। इस दौरान इस इलाके से बमों का जखीरा बरामद किया गया। कई जगहों पर बम छुपाए गए थे। इसके बाद वे बीडीओ कार्यालय गए और वहां भी पूछताछ की। गौरतलब है कि राज्यपाल रामनवमी के मौके पर हुई हिंसा पर भी एक्टिव हुए थे। उन्होंने हिंसा प्रभावित इलाकों का भी दौरा किया था।