चाईबासा में सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट, 5 जवान घायल एयरलिफ्ट कर लाया गया रांची

टोंटो थाना क्षेत्र के सर्जनबुरु में हुआ ब्लास्ट

92

रांची : झारखंड के चाईबासा जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे हैं अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के 5 जवान घायल हो गए हैं। घायल सीआरपीएफ जवानों को एयरलिफ्ट का रांची लाया गया है। सभी को बेहतर इलाज के लिए रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

दरअसल झारखंड के चाईबासा जिले में नक्सलियों के खिलाफ कई दिनों से सुरक्षा बल अभियान चला रहे हैं। अभियान के दौरान ही सीआरपीएफ और जिला के जवान टोंटो थाना क्षेत्र के सर्जनवुरु में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।

इसी दौरान नक्सलियों के द्वारा लगाया गया एक आईईडी में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट की चपेट में आने से सीआरपीएफ के 3 जवान और दो हवलदार जख्मी हो गए।

ब्लास्ट होने के बाद तुरंत मामले की जानकारी पुलिस मुख्यालय को दी गई। जिसके बाद आनन-फानन में एक चॉपर भेज कर घायल पांचों जवानों को एयरलिफ्ट किया गया।

घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया है। खेल गांव स्थित हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर के पहुंचने से पहले ही 5 एंबुलेंस मौके पर पहुंचे हुए थे।

जैसे ही हेलीकॉप्टर लैंड हुआ, तुरंत सभी घायल जवानों को आनन- फानन में हेलीकॉप्टर से उतारकर एंबुलेंस में लाया गया और फिर उन्हें बेहतर इलाज लिए मेडिका अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जवानों का इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। सभी का बेहतर इलाज किया जा रहा है।

चाईबासा से घायल जवानों को एयरलिफ्ट का रांची भेजने के बाद भी इलाके में सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है।

 

यह भी पढ़ें – गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्रा ने की आत्महत्या