दुनिया की सबसे आबादी वाला देश बन गया भारत

भारत अब आबादी के लिहाज से चीन को पछाड़कर आगे निकल चुका है

1,671

नई दिल्ली । वर्षों से हम सब सुनते आ रहे हैं कि आबादी के लिहाज से चीन सबसे आगे है पर वो कहते हैं ना हर चीज का समय आता है और अब चीन का समय पूरा हो गया है। चीन कभी आबादी के लिहाज से दुनिया में पहले नंबर पर हुआ करता था। मगर, अब उसका तिलिस्म तोड़कर रख दिया है भारत ने जी हां भारत अब आबादी के लिहाज से चीन को पछाड़कर आगे निकल चुका है।

यह भी पढ़े: वीरेंद्र राम की 125 करोड़ की संपत्ति होगी जब्त

दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश अब चीन नहीं है, बल्कि अपना देश भारत है। इस साल की शुरूआत में ही ग्लोबल एक्सपर्ट्स ने अनुमान लगाया था कि 2023 में सबसे ज्यादा आबादी भारत में होगी और अब इस पर संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) के नवीनतम आंकड़ों ने मुहर लगा दी है।

संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों से पता चलता है कि भारत अब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया है। भारत में अब चीन की तुलना में 20 लाख से ज्यादा लोग हैं और इस देश की आबादी बढ़ते-बढ़ते 140 करोड़ के पार पहुंच गई है। दरअसल चीन में बच्चे पैदा करने की दर कम हुई है और वो इस साल माइनस में दर्ज की गई है।

वहीं UNFPA  की ‘द स्टेट ऑफ वर्ल्ड पॉपुलेशन रिपोर्ट 2023’, जिसे ‘8 बिलियन लाइव्स, इनफिनिट पॉसिबिलिटीज: द केस फॉर राइट्स एंड चॉइस’ के टाइटल से जारी किया गया है।  उसमें कहा गया है कि अब भारत की जनसंख्या 1,428.6 मिलियन है, जबकि चीन की जनसंख्या 1,425.7 मिलियन है। यानी दोनों की जनसंख्या में 2.9 मिलियन का अंतर हो गया है।

संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या डेटा रिकॉर्ड में यह पहली बार है कि भारत की जनसंख्या 1950 के बाद से चीन से ज्यादा दर्ज की गई है। दरअसल संयुक्त राष्ट्र की स्थापना 1945 में खत्म हुए द्वितीय विश्व युद्ध के बाद हुई थी और 1950 संयुक्त राष्ट्र ने जनसंख्या डेटा एकत्र करना और जारी करना शुरू किया था।

वहीं UNFPA  की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की 25% आबादी 0-14 आयु वर्ग में है, यहां 10-19 साल तक की आयु के लोग 18% हैं, 10-24 साल तक के लोग 26% हैं, 15-64 साल तक के लोग 68% और 65 से ऊपर के लोग 7% हैं।

जबकि चीन में बुजुर्गों की संख्या अधिक हो गई है, जी हां चीन में 65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की संख्या लगभग 20 करोड़ हो गई हैं। जिसके चलते चीन की नींद उड़ गई है, फिलहाल इस बढ़ती आबादी से भारत को कितना लाभ मिलेगा, ये तो आने वाला वक्त बताएगा।