झारखंड जेडीयू के दोबारा बने प्रदेश अध्यक्ष  खीरू

कहा,  जिस विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार सदस्य, वहां लड़ेंगे चुनाव

89

रांची: झारखंड जनता दल यूनाइटेड राज्य परिषद की बैठक रविवार को प्रदेश मुख्यालय में हुई।

राज्यसभा सांसद और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो पर संगठन ने एक बार फिर से विश्वास जताया है, और उन्हें निर्विरोध पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है।

संगठन के नेताओं ने माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। मौके पर खीरू महतो ने कहा कि झारखंड में गठबंधन का निर्णय हमारे संगठन के राष्ट्रीय नेता लेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और नीतीश कुमार इसके लिए अधिकृत है। संगठन को इस कदर मजबूत करेंगे की दूसरे पार्टियों को गठबंधन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। नीतीश कुमार का कार्यक्रम लेने का प्रयास किया जाएगा।

खीरु ने कहा कि झारखंड में जदयू को एक नंबर की पार्टी बनाना है।जिस विधानसभा में 10 हजार सदस्य होंगे, वहां से जदयू विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। संगठन के साथ संघर्ष करने वाले लोगों की चुनाव में पार्टी टिकट देने का काम करेगी।

जदयू नेता गौतम सागर राणा ने कहा कि एटम बम से ज्यादा ताकतवर देश के नागरिकों की एकता होती है।

भाजपा-आरएसएस के द्वारा देश में संकट फैलाया जा रहा है। इस संकट से उबरने में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काम कर रहे हैं। संप्रदायिकता को लेकर नीतीश कुमार ने युद्ध छेड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि रथ यात्रा के माध्यम से झारखंड के आवाम के बीच संगठन को जाना चाहिए। इसे लेकर विचार किया जा रहा है।

मौके पर गौतम सागर राणा, धनंजय कुमार सिन्हा, श्रवण कुमार (महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी), सागर कुमार (प्रवक्ता), पिंटू कुमार सिंह(धनबाद जिला अध्यक्ष), अशोक चौधरी, भगवान सिंह, कामेश्वर दास(पूर्व विधायक, देवघर) के अलावा अन्य नेता मौजूद रहे।

 

 

यह भी पढ़ें – मुख्यमंत्री हेमंत और सांसद शिबू सोरेन पहुंचे रामगढ़