जमशेदपुर की छात्रा माधवी ने महिला तीरंदाजी में बढ़ाया राज्य का मान

103

रांची : एचएस बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, साकची जमशेदपुर की छात्रा माधवी चौहान ने पश्चिम बंगाल के बोलपुर में 11 से 13 दिसंबर तक चले महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता-2023 के लिए पहली खेलो इंडिया राष्ट्रीय रैंकिंग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। माधवी को पदक के अलावा 15 हजार रुपये का कैश प्राइज भी मिला है। माधवी एचएस बालिका सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, साकची में बारहवीं की छात्रा है। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल की प्राचार्या मंजू सिन्हा ने बताया कि माधवी ना केवल तीरंदाजी में, बल्कि पढ़ाई में भी तेजतर्रार है। फिलहाल, माधवी तीरंदाजी के साथ साथ बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में भी लगी हुई है। मंजू सिन्हा ने बताया कि माधवी ने दसवीं की मैट्रिक परीक्षा में भी तीरंदाजी करते हुए 97 अंक अर्जित किये थे। इस बार भी वह बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करेगी। आदित्यपुर में रहने वाले माधवी चौहान के पिता राजनाथ चौहान पेशे से व्यवसायी है। वे आदित्यपुर में ही स्टेशनरी की दुकान चलाते है। उनकी मां पार्वती गृहिणी है। माधवी की इस कामयाबी पर उनके माता पिता भी आज गर्व महसूस कर रहे है। माधवी ने जेआरडी टाटा आर्चरी अकेडमी से आर्चरी का प्रशिक्षण लिया है।

ये भी पढ़ें : वेतन वृद्धि की मांग को लेकर SNMMCH के सफाईकर्मी गए हड़ताल पर

अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में ले चुकी है हिस्सा: माधवी ना केवल राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में अपना लोहा मनवा रही है, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। एक से नौ जुलाई तक आयरलैंड के लिमरिक में हुए यूथ वर्ल्ड आर्चरी चैंपियनशिप में भी माधवी ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। यह यूथ वर्ल्ड आर्चरी चैंपियनशिप का 17वां संस्करण था। भारत ने इस प्रतियोगिता में 11 पदक जीते थे। इनमें छह स्वर्ण , एक सिल्वर और चार ब्रोंज मैडल थे। माधवी फिलहाल अपनी पढ़ाई के साथ साथ 28 से 30 दिसंबर तक पंजाब के पटियाला में होने वाली दूसरी खेलो इंडिया राष्ट्रीय रैंकिंग की तैयारियों में जुट गयी है।