ममता बनर्जी के सिर पर लगी गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती

ममता चलते-चलते गिर गईं

58

कोलकाता, सूत्रकार : प्रदेश की सीएम ममता बनर्जी गुरुवार को चोटिल हो गई हैं। टीएमसी ने अपने X हैंडल पर इसकी जानकारी दी है। टीएमसी ने लिखा कि हमारी चेयरपर्सन को गंभीर चोट आई है। उनके लिए दुआ कीजिए। सीएम ममता की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें उनके माथे से खून निकलता दिख रहा है। फौरन उन्हें कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार सीएम ममता अपने घर पर ट्रेड मिल करते समय गिर गईं। फौरन उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इसकी सूचना मिलते ही उनके भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी उन्हें देखने अस्पताल गए। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनके माथे पर टांके लगाए गए हैं।

अभिषेक ने गुरुवार दोपहर जलपाईगुड़ी के मैनागुड़ी में एक बैठक की। वहां से कोलकाता लौटने के बाद वह सीधे एसएसकेएम अस्पताल पहुंचे। अभिषेक ने करीबियों को बताया कि मुख्यमंत्री के माथे पर गहरी चोट लगी है। यह स्पष्ट नहीं है कि यह कैसे हुआ लेकिन माना जा रहा है कि ममता चलते-चलते गिर गईं। किसी ने उसे धक्का दिया या नहीं, इसकी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में वह एक सड़क हादसे का शिकार हो गई थीं। उस दौरान वह वर्दवान से कोलकाता वापस लौट रही थीं। सूत्रों के मुताबिक बारिश की वजह से ममता बनर्जी कार से वापस लौट रही थीं। धुंध की वजह से कार के ब्रेक लगाने के दौरान ममता बनर्जी के सिर में हल्की चोट लगी। बताया जा रहा है कि ममता के काफिले में एक अन्य कार के आने से ड्राइवर को अचानक ब्रेक लगानी पड़ी, जिसकी वजह से उनके सिर में चोट लगी थी।

इसके पहले भी सीएम ममता हादसों का शिकार हो चुकी हैं। साल 2021 में उनके पैर में गंभीर चोट आई थीं, तब उनका कई दिनों तक इलाज चला था। तब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का माहौल था और सीएम ममता नंदीग्राम में अपने चुनावी अभियान के दौरान शाम को हादसे का शिकार हो गई थीं और उनके पैरों में चोट लग गई थी।