अब राजधानी में अपराधियों की खैर नहीं, CM चंपई सोरेन ने DGP को दिये निर्देश

89

रांची : राजधानी रांची में गिरती कानून-व्यवस्था को लेकर सीएम चंपाई सोरेन गंभीर हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। इसी बीच फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स तथा सोना-चांदी व्यवसायी समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यवसायियों ने मुख्यमंत्री को राजधानी रांची में हो रही लूट, छिनतई व डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं से अवगत कराते हुए उसे नियंत्रित करने के लिए समुचित कदम उठाने का आग्रह किया।

ये भी पढ़ें : आजसू ने प्रखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मंडल से कहा कि राज्य के डीजीपी अजय कुमार सिंह को अपराध नियंत्रण के लिए कड़े निर्देश दे दिए गए हैं। उन्हें घटित आपराधिक घटनाओं का खुलासा कर, उसमें संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विधि-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में झारखंड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष किशोर मंत्री, महासचिव परेश गट्टानी, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण लोहिया और रोहित पोद्दार, पूर्व अध्यक्ष कुणाल आजमानी तथा सोना-चांदी व्यवसायी समिति के डॉ। दिलीप सोनी, रवि कुमार पिंटू और जितेंद्र कुमार वर्मा शामिल थे।