Escaped : फरार कैदी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से किया गिरफ्तार

विचाराधीन कैदी मुक्तिपद कुमार मथुरा के एक आश्रम में एक संत के वेश में रह रहा था। गले में तुलसी की माला और सिर मुंडवा कर मथुरा में घूम रहा था।

141

पुरुलिया : दो साल पहले पुरुलिया सदर अस्पताल से फरार हुए विचाराधीन कैदी को पुरुलिया सदर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार हत्या के एक मामले में विचाराधीन कैदी मुक्तिपद कुमार मथुरा के एक आश्रम में एक संत के वेश में रह रहा था। गले में तुलसी की माला और सिर मुंडवा कर मथुरा में घूम रहा था। इसके बाद पुरुलिया थाना पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां उसे दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार बलरामपुर थाना क्षेत्र के घाटबेड़ा केरुआ क्षेत्र के तिलई गांव निवासी मुक्तिपद कुमार पेशे से होमगार्ड था। उसपर 2021 में एक हत्या करने का आरोप है। उल्लेखनीय है कि 21 दिसंबर 2021 को तबीयत बिगड़ने पर पुरुलिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 22 दिसंबर की सुबह वह शौचालय की खिड़की तोड़कर फरार हो गया था।

इसे भी पढ़ें : CID ने नौ माह पहले अपहृत हुई नाबालिग को कराया मुक्त

करीब 2 साल के बाद आखिरकार पुरुलिया सदर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। गौरतलब है कि पुलिस को काफी देर तक तलाश करने के बाद भी आरोपी का कोई पता नहीं चल पा रहा था। बाद में जब उसने मोबाइल सिम को फिर से चालू किया तो फोन के टावर की लोकेशन देखकर पुलिस को पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के मथुरा में है। इसके बाद पुरुलिया से दो पुलिस अधिकारियों समेत चार लोगों की टीम 17 अप्रिल को मथुरा के लिए रवाना हुई थी। उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से वहां आरोपी को पकड़ लिया गया। 19 अप्रैल को आरोपी को मथुरा कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस उसे पुरुलिया ले आई।