पति को सलाखों के पीछे देख गर्भवती महिला को लगा सदमा, जेल में तोड़ा दम

180

बिहार : बिहार के भागलपुर से आत्मा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक पत्नी अपने पति को जेल की सलाखों के पीछे देखकर सहम गई। पति को जेल में देखकर उसे इतना गहरा सदमा लगा कि वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ी और कुछ ही देर के बाद उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला 8 महीने की गर्भवती थी। वह बच्चे को जन्म देने से पहले पति से मिलना चाहती थी। घरवालों से जिद कर वह अपने पति से मिलने जेल गई थी। इस दौरान अपने पति का चेहरा देखकर उसके आंखों में आंसू भर आए। इसके बाद पति को जेल में इस हालत में देख बेहोश होकर गिर पड़ी और फिर उसकी मौत हो गई। वहीं महिला के साथ उसके पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।

उल्लेखनीय है कि भागलपुर के घोघा के रहने वाले गुड्डू यादव और घोघा जानीडीह की पल्लवी यादव का दो साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। पल्लवी मां बनने वाली थी। घर के सभी लोग काफी खुश थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले महिला के पति गुड्डू यादव का विनोद यादव के साथ जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मामला थाना और कोर्ट कचहरी पहुंच गया जिसके बाद गुड्डू यादव को अदालत ने जेल भेज दिया। वह पिछले आठ महीने से जेल में बंद है।

इसी बीच मृत महिला के देवर विक्की ने पुलिस पर पैसे लेकर भाई को जेल भेजने का आरोप लगाया है। विक्की ने कहा कि विरोधी से पैसे लेकर पुलिस ने उसके भाई को जेल भेजा जिसका परिणाम सामने है। उसका पूरा परिवार तबाह हो गया। इसके लिये पुलिस जिम्मेदार है। वहीं जेल अधीक्षक मनोज कुमार ने कहा कि पल्लवी यादव अपने पति गोविंद यादव उर्फ गुड्डू यादव से मुलाकात करने पहुंची थी जहां उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। कारा अधीक्षक ने कहा कि हो सता है कि महिला को हार्ट अटैक आया और उसकी मौत हो गई।