राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की बधाई दी

द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को दी बधाई

200

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को लोगों को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की बधाई दी और कहा कि जनजातीय समुदायों ने अपनी कला, शिल्प और कड़ी मेहनत से देश को समृद्ध बनाया है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जनजातीय समुदायों ने स्वाधीनता संग्राम में महान योगदान दिया।

मैं सभी ज्ञात-अज्ञात जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों-वीरांगनाओं को नमन करती हूं। आजादी के बाद से देश की विकास-यात्रा में जनजातीय लोगों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके विकास और समृद्धि के लिए मेरी शुभकामनाएं।

इसे भी पढ़ेंः राष्ट्रपति पर टिप्पणी: शुभेंदु पहुंचे राजभवन, कहा-मंत्री को हटाएं

नरेंद्र मोदी सरकार ने प्रतिष्ठित जनजातीय नेता बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाए जाने की घोषणा की थी। उन्होंने ट्वीट किया कि जनजातीय गौरव दिवस पर सभी देशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के भाइयों और बहनों को मैं बधाई देती हूं।

जनजातीय समुदायों ने अपनी कला, शिल्प और कठिन परिश्रम से राष्ट्र के जीवन को समृद्ध किया है। उनकी जीवनशैली, विश्व समुदाय को प्रकृति के संवर्धन की शिक्षा प्रदान करती है।

राष्ट्रपति मुर्मू बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आज यानी मंगलवार को मुंडा के जन्म स्थान झारखंड के उलिहातु गांव का दौरा करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर राज्य के लोगों को बधाई दी। बिहार से अलग करके 2000 में आज ही के दिन झारखंड राज्य का गठन किया गया था।

राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘जोहार झारखंड। राज्य स्थापना दिवस पर मैं झारखंड के सभी निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। मैं चाहती हूं कि झारखंड के लोग अपनी संस्कृति, परम्पराओं और रीति-रिवाजों को संजोते हुए पर्यावरण अनुकूल विकास के नए आयाम स्थापित करें।’’