शेरगढ़ अग्निकांड : मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 5

सीएम ने किया मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख की मदद का ऐलान

156

जोधपुरः जिले के शेरगढ़ स्थित भूंगरा गांव में गुरुवार को शादी समारोह के दौरान लगी आग से झुलसे 3 और लोगों की देर रात मौत हो गई। इनमें एक 13 साल की बालिका और 2 महिलाएं हैं।

अग्निकांड में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। कई अन्य लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। सीएम ने जोधपुर के अस्पताल पहुंच कर पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात की।

दरअसल, जिले के शेरगढ़ स्थित भूंगरा गांव में सगतसिंह की ढाणी में उनके पुत्र सुरेंद्र सिंह की शादी थी। बारात रवानगी से पहले ही दोपहर में रख में रखे गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद आग लगी और 2 गैस सिलेण्डर फट गए।

इस भीषण अग्निकांड में घर परिवार और रिश्तेदारी के 54 लोग आग में झुलस गए थे। जिन्हें जोधपुर एमजीएच अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती करवाया गया था। आग से झुलसने से गुरुवार को 5 साल की खुशबू पुत्री गणपत सिंह और रतन सिंह पुत्र सांगसिंह की मौत हो गई जबकि 3 ने रविवार देर रात तक दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार देर रात मरने वालों में 13 साल की धापू देवी पुत्री भंवरसिंह, 40 साल की चंद्रकंवर पत्नी धनसिंह एवं कंवरूकंवर पत्नी मदन सिंह शामिल हैं। अभी कई लोग गंभीर है, इसमें मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका बनी है।

इस भीषण हादसे की खबर के बाद सीएम अशोक गहलोत शुक्रवार को जोधपुर पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे महात्मा गांधी अस्पताल गए। उन्होंने भूंगरा गांव के अग्निकांड के पीड़ितों के परिवार से मिले और बातचीत की और उन्हें साथ ढांढस बंधाया।

सीएम ने स्थानीय प्रशासन को हरसंभव मदद एवं इलाज के निर्देश दिए। सीएम गहलोत ने जोधपुर में पत्रकारों को बताया कि अग्निकांड में मृतकों के आश्रितों को 5-5  लाख की मदद चिरंजीवी योजना के तहत मिलेगी। इसके अलावा 2 लाख का अतिरिक्त फंड दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हादसे में घायल गंभीर एवं सामान्य रूप से सभी को 1-1 लाख की मदद दी जाएगी।

सीएम ने कहा कि इससे पहले मगरापूंजला कीर्तिनगर में हुए गैसकांड के लोगों की मदद के लिए गैस एजेसियों के संचालकों के एसोसिएशन से कहा गया था।

इसे भी पढ़ेः गुजरात में भाजपा की जीत देश के लोग प्रधानमंत्री का जादू मान रहे हैं

जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने गैस एजेंसी संचालकों की एसोसिएशन से बात कर उनके परिवार को 3-3 लाख की मदद दिलवाई गई थी। शेरगढ़ हादसे को लेकर भी परिवार की मदद के गैस एजेंसी एसोसिएशन से बात की जाएगी।

गहलोत ने कहा कि हादसा भीषण था और इसमें 60 से लेकर 90 प्रतिशत तक लोग झुलसे है। रात को तीन और महिलाओं की मौत हो गई, जिसका उन्हें दुख है। हादसे में पीड़ितों की हालत को देखते हुए प्रशासन ने जयपुर से भी डॉक्टरों की टीम को बुलाया है।