21 मार्च को ममता-नवीन पटनायक बैठक के संकेत

89

कोलकाताः देश में इस साल होने वाले तीन राज्यों के चुनाव और अगले साल होने वाले आम चुनाव के पहले विरोधी दल बीजेपी के खिलाफ एकजुट होना शुरू कर दिये हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कोलकाता में तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात की। ममता बनर्जी और अखिलेश यादव की बैठक अहम मानी जा रही है। इसके साथ ही सीएम ममता बनर्जी ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से भी मुलाकात कर सकती हैं।

सीएम ममता बनर्जी दो दिवसीय दौरे पर 21 मार्च को ओडिशा जा रही हैं। वहां वे भगवान जगन्नाथ का दर्शन करेंगी। उसके बाद उम्मीद लगायी जा रही है कि वे ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात कर सकती हैं।

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दौरे के पहले दिन भुवनेश्वर में रहेंगी। अगले दिन यानी 22 मार्च को वह पुरी के जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने जाएंगी।

इस यात्रा के दौरान वह ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से भी मुलाकात कर सकती हैं। 23 मार्च को दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच बैठक होने की संभावना है।

बता दें कि 2024 के लक्ष्य के साथ ममता बनर्जी ने कांग्रेस और बीजेपी पार्टियों के साथ तीसरा मोर्चा बनाने का काम शुरू कर दिया है।

नवीन पटनायक राजनीतिक रूप से भाजपा और कांग्रेस से समान दूरी बनाए रखने के पक्ष में हैं। हालांकि उनकी पार्टी विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर भाजपा के साथ रही है। ओडिशा की घरेलू राजनीति में हाल ही में बीजेपी नवीन पटनायक की आलोचना करती रही है।

हाल में ओडिशा के मीडिया में नवीन पटनायक और धर्मेंद्र प्रधान के आरोप-प्रत्यारोप की खबरें सुर्खियों में थी। वहीं ममता बनर्जी का नवीन से पुराना रिश्ता है। वहीं, नवीन पटनायक ने देश की अन्य प्रांतीय पार्टियों से भी संपर्क साधना शुरू कर दिया है।