दुर्गापुर स्टील प्लांटः पिघला लोहा गिरने से ठेका श्रमिक की मौत

रेलवे लाइन की मरम्मत कर रहे थे मजदूर

105

दुर्गापुर/पानागढ़: पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर स्टील प्लांट ( डीएसपी प्लांट) में पिघला लोहा गिरने से एक ठेका मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों को इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की जांच और कारण का पता लगाने के लिए तत्काल एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10.30 बजे दुर्गापुर स्टील प्लांट की ब्लॉस्ट फर्नेस नंबर 2 से पिघला हुआ गर्म लोहा कलछी में दूसरी जगह ले जाने के क्रम में अचानक पलट गया।

उस समय दुर्गापुर स्टील फैक्ट्री के कई ठेका मजदूर उस स्थान पर मौजूद रेलवे लाइन की मरम्मत का काम कर रहे थे। पिघले लोहे की चपेट में आने से एक ठेका श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई।

इसे भी पढ़ेंः जेल में बीमार हुए TMC नेता अनुब्रत मंडल

सूत्रों ने बताया कि शेष तीन ठेका श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को गंभीर हालत में दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर है।

पलटू बाउडी नाम के ठेका मजदूर की मौत

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दुर्गापुर स्टील प्लांट के डीजीएम (पीआर) और सीओसी सेल, डीएसपी बीबी राय ने बताया कि आज प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस 2 स्लैग पुशर लाइन से स्लैग लोड निकालते समय एक स्लैग लैडल से स्लैग का रिसाव हुआ।

डीएसपी के पीडब्ल्यूई विभाग के तहत ट्रैक मेंटेनेंस का काम कर रहे चार ठेका श्रमिक प्रभावित हुए। पलटू बाउडी नाम के एक ठेका मजदूर की जलने से मौत हो गई।

घायल तीन और ठेका मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जांच और मूल कारण का पता लगाने के लिए तत्काल एक उच्च स्तरीय जांच समिति का भी गठन किया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से प्रबंधन बेहद दुखी है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। सेल की पूरी टीम इस घटना से दुखी है और इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।

दुर्गापुर स्टील प्लांट के पदाधिकारी सदमे में

दुर्गापुर स्टील प्लांट में हुए हादसे के कारणों को लेकर विभिन्न श्रमिक संगठनों के नेता बार-बार सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि दुर्गापुर स्टील प्लांट में एक और हादसा होने से श्रमिक संगठन के पदाधिकारी और दुर्गापुर स्टील प्लांट के पदाधिकारी सदमे में हैं।

दुर्गापुर स्टील प्लांट में लगभग हर दिन ठेका श्रमिकों को हादसों का सामना करना पड़ रहा है। इस दिन दुर्गापुर स्टील प्लांट में हुए इतने बड़े हादसे में ठेका श्रमिकों की मौत की खबर पूरे औद्योगिक क्षेत्र में फैल गई है।