जिंगल बेल-जिंगल बेल पर थिरका कोलकाता

सीएम ममता प्रार्थना सभा में शामिल हुईं, कहीं प्रार्थना-कहीं जश्न, रंग बिरंगी रोशनी से सजे चर्च

59

कोलकाता, सूत्रकार : कोलकाता सहित राज्य भर में सोमवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस मनाया गया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मौके पर प्रदेशवासियों के बीच शांति और सद्भाव का आह्वान किया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कैथेड्रल ऑफ द मोस्ट होली रोजरी में क्रिसमस की मध्यरात्रि में सामूहिक प्रार्थना में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर पोस्ट किया कि कैथेड्रल ऑफ मोस्ट होली रोजरी में आधी रात की प्रार्थना में शामिल होने का मुझे सम्मान मिला। आर्कबिशप का आशीर्वाद लेना बहुत समृद्ध करने वाला है और मैंने सभी की समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की। हजारों लोग कोलकाता और राज्य के अन्य स्थानों पर विभिन्न पर्यटन स्थलों पर घूमने पहुंचे।

क्रिसमस का त्योहार पूरे राज्य में धूमधाम से मनाया गया। चर्चों में प्रार्थना सभाएं हुईं। घरों को खूबसूरती से सजाया गया है और लोग अपने प्रियजनों के साथ खुशियां मनाते दिखे। कोलकाता में देर रात तक तक लोग जश्न में डूबे रहे। वे पार्क स्ट्रीट और मैदान इलाके में जिंगल बेल-जिंगल बेल पर देर रात तक थिरके। उनका मानना था कि क्रिसमस न केवल ईसाई समुदाय का त्योहार है, बल्कि यह शांति, प्रेम और सद्भावना का संदेश फैलाने का अवसर भी है। इस दिन लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

देश के विभिन्न हिस्सों में क्रिसमस के उत्सव की अपनी अनूठी परंपराएं हैं। चर्च में लोगों ने प्रभु यीशु के सामने कैंडिल जलाकर प्रार्थना की और जश्न मनाया। इस दौरान कई लोग सांता क्लॉज की ड्रेस पहनकर भी चर्च पहुंचे। सिलीगुड़ी स्थित लेडी क्वीन चर्च में भी लोगों का जमावड़ा रहा। इसके अलावा पणजी के इमाकुलेट कंसेप्शन चर्च में विशेष प्रार्थना कीं।

हुड़दंग करते सैकड़ों गिरफ्तार

क्रिसमस की पूर्व संध्या पर शहर में 325 हुदंगियों को गिरफ्तार किया गया। उसी दौरान सोमवार को भी पार्क स्ट्रीट सहित कई इलाकों से सैकड़ों लोगों को हुड़दंग करते हुए गिरफ्तार किया गया। इनमे कई लोगों को ट्रैफिक कानून तोड़ने का भी आरोप लगा है।