मध्य प्रदेशः राष्ट्रपति जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में होंगी शामिल

शहडोल में कार्यकर्म 15 नवंबर को

118

भोपालः मध्य प्रदेश में आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर शहडोल में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद वह पहली बार मध्य प्रदेश आएंगी।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ट्विटर के जरिए बताया कि आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी से बात हुई। मैंने राष्ट्रपति जी को मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण दिया। हमारा सौभाग्य है कि मध्य प्रदेश का निमंत्रण राष्ट्रपति जी ने स्वीकार किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी का मध्य प्रदेश का प्रथम आगमन हमारे लिए गौरव का विषय है।

राष्ट्रपति जी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शहडोल पधारेंगी। संपूर्ण मध्य प्रदेश राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी का उद्बोधन सुनेगा। मध्यप्रदेश की धरती पर राष्ट्रपति महोदया का स्वागत है।

राज्य सरकार जनजातीय गौरव दिवस से पेसा एक्ट को लागू करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले अपने निवास पर आयोजित समारोह में कहा था कि जनजातीय गौरव दिवस से प्रदेश में पेशा एक्ट का क्रियान्वयन प्रारंभ हो जाएगा।

इसमें 89 आदिवासी विकासखंडों में ग्रामसभा को स्थानीय स्तर पर रोजगार, भूमि प्रबंधन, वन प्रबंधन सहित अन्य क्षेत्रों के अधिकार प्रदान किए जाएंगे। ग्रामसभा ही निर्णय लेगी कि ग्रामीण क्षेत्र में शराब की नई दुकान खुलेंगी या नहीं। भूमि अधिग्रहण के संबंध में भी ग्रामसभा से पहले अनुमति लेनी होगी।

जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम प्रदेश की सभी पंचायतों में आयोजित किए जाएंगे। प्रभात फेरी निकालने से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पिछले साल जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस रानी कमलापति स्टेशन का लोकार्पण किया था।

इसे भी पढ़ेः इस साल पाकिस्तान से ड्रोन भेजने में हुआ इजाफा: BSF महानिदेशक