विख्यात बांग्ला गायिका सुमित्रा सेन का 89 साल की उम्र में निधन

CM ममता ने जताया दुख

277

कोलकाताः रवींद्र संगीत की विख्यात गायिका सुमित्रा सेन का मंगलवार को कोलकाता में उनके घर पर निधन हो गया। वो 89 साल की थीं। सुमित्रा सेन ब्रोंको-निमोनिया से पीड़ित थीं और उन्हें 21 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हालांकि तीन दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। सुमित्रा सेन के निधन पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शोक जताया है। उन्होंने कहा कि मैं सुमित्रा सेन के आकस्मिक निधन से बहुत दुखी हूं, जिन्होंने दशकों तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

मेरे उनके साथ करीबी संबंध थे। सीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने 2012 में उन्हें संगीत महासम्मान से सम्मानित किया था। सीएम ममता ने कहा कि उनके निधन से संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। सुमित्रा दी की बेटियों इंद्राणी और श्रावणी तथा उनके प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

इसे भी पढ़ेंः बंगाल में बढ़ी ठंड,  अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में शीतलहर की संभावना

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनकी दोनों बेटियां उन्हें दक्षिण कोलकाता में स्थित उनके घर ले आई थीं। उनकी बेटी श्रावणी सेन ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि मां आज सुबह हमें छोड़कर चली गईं।

गौरतलब है कि, सुमित्रा सेन की दोनों बेटियां श्रावणी और इंद्राणी भी रवींद्र संगीत की मशहूर गायिका हैं। उनके परिवार ने कहा कि सुमित्रा सेन को दिसंबर के मध्य में ठंड लग गई थी और उम्र के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई।